BHU के पूर्व छात्र IPS अनुराग आर्य को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक
वाराणसी। बीएचयू के लिए यह गर्व का क्षण है कि पुरातन छात्र आईपीएस अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली (उत्तर प्रदेश) को उनके उत्कृष्ट, साहसिक और प्रभावी पुलिस कार्यों के लिए “मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें अपराध से जुड़े जटिल मामलों के सफल अनावरण, शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनसुरक्षा के प्रति उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में भी उन्हें इसी उत्कृष्ट पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पदक प्रदान किया। आईपीएस अनुराग आर्य 2013 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे अमेठी, बलरामपुर, मऊ, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ जैसे संवेदनशील जनपदों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनके नेतृत्व की व्यापक सराहना हुई।
आईपीएस अनुराग आर्य मूल रूप से बागपत जनपद के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2006 से 2009 के बीच काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय से भौतिकी में बैचलर ऑफ साइंस (ऑनर्स) की उपाधि प्राप्त की। बीएचयू में अध्ययन के दौरान वे ब्रोचा हॉस्टल के कक्ष संख्या 199 में रहते थे और एक होनहार व अनुशासित छात्र के रूप में जाने जाते थे। वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहे और विश्वविद्यालय की बास्केटबॉल टीम का अहम हिस्सा थे। उन्होंने 2006-07 और 2007-08 में अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें उनकी टीम ने पूर्वी जोन अंतर-विश्वविद्यालयी चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया।
स्नातक की पढ़ाई के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर अध्ययन प्रारंभ किया। इसी दौरान उनका चयन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में हुआ, जहां उन्होंने अल्प अवधि के लिए सेवा दी। इसके पश्चात 2013 में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में चयन प्राप्त किया। आईपीएस अनुराग आर्य अब तक पुलिस महानिदेशक के सिल्वर डिस्क, गोल्ड डिस्क और प्लेटिनम डिस्क जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। महिलाओं की श्रृंखलाबद्ध हत्याओं जैसे संवेदनशील मामलों का सफल खुलासा कर पीड़ितों को न्याय दिलाने में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही है।
व्यक्तिगत जीवन में भी वे अत्यंत ऊर्जावान और साहसी हैं। वे उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से प्रशिक्षित पर्वतारोही हैं और औली से प्रमाणित स्कीयर भी हैं। इसके साथ ही उन्होंने हैदराबाद मैराथन और दिल्ली हाफ मैराथन सफलतापूर्वक पूरी की हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिवार, विशेषकर विज्ञान संकाय, भौतिकी विभाग, ब्रोचा छात्रावास के शिक्षक, संरक्षक एवं विद्यार्थी, श्री अनुराग आर्य की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं। उनकी सफलता पूरे बीएचयू समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत है।