बरेका के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, प्रतिभागियों को मिला प्रमाण-पत्र व पुरस्कार 

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) संस्थान द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण और भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिवांशी फिटनेस जोन के तत्वावधान में संचालित नृत्य एवं जुम्बा प्रशिक्षण के साथ-साथ बास्केटबॉल और मार्शल आर्ट्स शिविर के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) संस्थान द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण और भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिवांशी फिटनेस जोन के तत्वावधान में संचालित नृत्य एवं जुम्बा प्रशिक्षण के साथ-साथ बास्केटबॉल और मार्शल आर्ट्स शिविर के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

समापन समारोह के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. एस.के. मौर्या तथा जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी बच्चों और युवाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से नियमित रूप से खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया।

ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नृत्य, जुम्बा, बास्केटबॉल, मार्शल आर्ट्स सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने पूरे प्रशिक्षण सत्र के दौरान अनुशासन, ऊर्जा और समर्पण का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की।

बरेका संस्थान द्वारा प्रत्येक वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बास्केटबॉल, फुटबॉल, स्केटिंग, रोल बॉल, मार्शल आर्ट्स, शतरंज, चित्रकला, मेहंदी, अबेकस, जुम्बा सहित विभिन्न खेल एवं रचनात्मक विधाओं में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में शिवांशी फिटनेस जोन की संचालिका बिंदु सिंह, एस.के. सिंह, अभिमन्यु, शिवकुमार, अखिलेश कुमार, रविंद्र प्रसाद यादव, अखिलेश राय, आनंद कुमार राय, मिथिलेश सिंह, राजकुमार, मनोज सिंह, नरेंद्र प्रताप और नंदलाल रावत सहित प्रशिक्षकगण, प्रतिभागियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद सचिव रमेश चंद्र जैसल के स्वागत संबोधन से हुआ, जबकि संचालन संस्थान के सचिव आलोक कुमार सिंह ने किया। अंत में उप सचिव अरविंद तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।