बनारस फिजियो कॉन्क्लेव 2026 का भव्य समापन, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फिजियोथेरेपी की भूमिका को सराहा
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में आयोजित ‘बनारस फिजियो कॉन्क्लेव 2026’ का रविवार को भव्य और गरिमामय समापन हुआ। वाराणसी फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन (VPA) के तत्वावधान में हुए इस आयोजन ने फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में नवीन तकनीकों, शोध और व्यावहारिक अनुभवों को साझा करने का सशक्त मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा और महत्व को और बढ़ा दिया।
महामना को नमन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फिजियोथेरेपिस्टों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और खेल चोटों के उपचार में फिजियोथेरेपी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण में फिजियोथेरेपिस्ट अहम कड़ी हैं।
राजनीतिक, खेल और सामाजिक जगत की गरिमामयी उपस्थिति
कॉन्क्लेव में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, राष्ट्रीय महिला आयोग की सलाहकार बोर्ड सदस्य डॉ. शिप्रा धर और डॉ. विपिन सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
वैज्ञानिक सत्रों में हुआ ज्ञान का आदान-प्रदान
कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित वैज्ञानिक और तकनीकी सत्रों में देश के प्रतिष्ठित फिजियोथेरेपिस्टों ने अपने अनुभव और शोध साझा किए। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. सूर्य मणि, डॉ. अली ईरानी, डॉ. सूरज कुमार, डॉ. उमेश मिश्रा, डॉ. सुमित अस्थाना, डॉ. ए.जी.के. सिन्हा, डॉ. सीमा रानी और डॉ. आकांक्षा राज शामिल रहे। सत्रों में आधुनिक उपचार पद्धतियों, खेल चिकित्सा, न्यूरो-रिहैबिलिटेशन और ऑर्थोपेडिक फिजियोथेरेपी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सत्रों के संचालन और वक्ताओं के परिचय में डॉ. मेघा गुप्ता, डॉ. सोनी पांडेय और डॉ. श्रुति प्रियंकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में एक पैनल चर्चा का आयोजन भी किया गया, जिसमें भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर मंथन हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण
वैज्ञानिक सत्रों के बीच जीवन दीप, एपेक्स और हेरिटेज समूहों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में रंग और ऊर्जा भर दी। इस अवसर पर अतिथियों और वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
इस सफल आयोजन में कॉन्क्लेव अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार सिंह, सचिव डॉ. अमितेश गिरी (अध्यक्ष VPA), कोषाध्यक्ष डॉ. मयंक सिंह, डॉ. अभिनव श्रीवास्तव (कोषाध्यक्ष VPA) और डॉ. अवनीश कुमार सिंह (सचिव VPA) की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एस.के. मंडल ने प्रस्तुत किया।
बनारस फिजियो कॉन्क्लेव 2026 न केवल फिजियोथेरेपी क्षेत्र के पेशेवरों के लिए ज्ञान और संवाद का मंच बना, बल्कि काशी को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य नवाचार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित करता नजर आया।