ऑटो में छूटा 25 लाख के सोने के जेवरों से भरा बैग, सिगरा पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से खोज निकाला, महिला को किया सुपुर्द
वाराणसी। सिगरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में छूटे करीब 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद कर महिला को वापस लौटा दिए। जेवरात से भरा ट्रॉली बैग मिलने के बाद महिला और उसके परिजनों ने पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया।
भदोही जिले के नई बाजार थाना क्षेत्र के महबूबपुर बाईपास निवासी गुड़िया सोनी पत्नी महेश सोनी वाराणसी के दारानगर स्थित अपने मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। शनिवार को वह मायके से अपने ससुराल लौट रही थीं। इस दौरान जल्दबाजी में उनका ट्रॉली बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने के कीमती जेवरात रखे हुए थे।
कुछ देर बाद बैग छूटने की जानकारी होने पर महिला और उनके परिजन परेशान हो गए। उन्होंने इसकी सूचना सिगरा थाना पुलिस को दी। मामला संज्ञान में आते ही प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम को तत्काल बैग की तलाश में लगा दिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य स्रोतों से ऑटो की पहचान करने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ऑटो का नंबर पता कर लिया और उसमें छूटा ट्रॉली बैग बरामद कर लिया। बैग में रखे सभी जेवरात सुरक्षित मिल गए। इसके बाद पुलिस ने महिला को उनके जेवरात वापस सौंप दिए। खोए हुए कीमती जेवरात वापस मिलने पर गुड़िया सोनी और उनके परिवार के सदस्यों ने सिगरा थाना पुलिस और कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस का आभार जताया।