गोंडा-अयोध्या हत्याकांड व चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले की जांच की मांग, आजाद समाज पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने जनहित, सामाजिक न्याय और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अधिकारियों को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं तथा बाराबंकी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित हमले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इसके साथ पंचायत सहायकों की समस्याओं और 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण के निस्तारण की मांग भी उठाई गई।
 

वाराणसी। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने जनहित, सामाजिक न्याय और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अधिकारियों को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं तथा बाराबंकी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित हमले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इसके साथ पंचायत सहायकों की समस्याओं और 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण के निस्तारण की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में पार्टी की ओर से कहा गया कि गोंडा में विनोद साहनी और रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे चंद्रशेखर आजाद के काफिले को 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में रोके जाने के बाद पथराव और हिंसक घटना की शिकायत सामने आई थी। पार्टी के अनुसार, इसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुंचा।

पार्टी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने और लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा को लेकर तत्काल थ्रेट असेसमेंट कराने तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

पंचायत सहायकों और शिक्षक भर्ती का मुद्दा
पार्टी ने लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग भी उठाई।

धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई की समीक्षा
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में की जा रही कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि धार्मिक स्थलों से संबंधित किसी भी कार्रवाई में कानून और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ज्ञापन के जरिए सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई।