मछोदरी पार्क के तालाब किनारे जगमगाएंगी आकर्षक लाइटें, रात में और निखरेगी खूबसूरती

मछोदरी पार्क को और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्क के भीतर स्थित तालाब के किनारों पर आकर्षक लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे रात के समय पार्क की खूबसूरती निखरेगी और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने पार्क में प्रकाश, पाथवे और बागवानी से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
 

नगर आयुक्त ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, स्मार्ट स्कूल की पेंटिंग और कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के सुधार के दिए निर्देश

वाराणसी। मछोदरी पार्क को और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्क के भीतर स्थित तालाब के किनारों पर आकर्षक लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे रात के समय पार्क की खूबसूरती निखरेगी और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने पार्क में प्रकाश, पाथवे और बागवानी से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।

नगर आयुक्त सोमवार रात मछोदरी पार्क और संबंधित वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पार्क के पाथवे की पेंटिंग कराने, किनारों पर लाइटिंग लगाने और हॉर्टिकल्चर के कार्यों को बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए। पार्क में पर्याप्त रोशनी के लिए हाई मास्ट लाइट लगाने को भी कहा गया।

स्मार्ट स्कूल की पेंटिंग दोबारा कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मछोदरी स्मार्ट स्कूल की पेंटिंग धूमिल मिली। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल स्कूल की पेंटिंग दोबारा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा, ताकि स्कूल परिसर की स्थिति बेहतर नजर आए।

स्थानीय पार्षद की ओर से मछोदरी स्मार्ट स्कूल और मछोदरी पुलिस चौकी के समीप ‘श्री ओम कालेश्वर द्वार’ के निर्माण का अनुरोध भी नगर आयुक्त के सामने रखा गया। नगर आयुक्त ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में भी होंगे सुधार
इसके बाद नगर आयुक्त ने मछोदरी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। यहां परिसर का फर्श कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त मिला। उन्होंने फर्श की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य गेट लगाने और परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ विकास एवं सुंदरीकरण के कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान पार्षद सुरेश चौरसिया, अभिजीत भारद्वाज ‘लकी’, स्मार्ट सिटी के सीजीएम, जल निगम के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।