मिर्जामुराद के खोचवां गांव में मारपीट व धारदार हथियार से हमला, छह नामजद समेत अन्य पर केस 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवां (भेड़हा) गांव में 23 फरवरी को हुए मारपीट और धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवां (भेड़हा) गांव में 23 फरवरी को हुए मारपीट और धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सबाना बेगम पत्नी अब्दुल कलाम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही इरसाद शेख, समसुन निशा, मो. सैफ अली, मो. कैफ अली निवासी भेड़हा (मिर्जामुराद) तथा जावेद अली निवासी रहीमपुर (लोहता) समेत अन्य लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और लाठी-डंडों से प्रहार कर घायल कर दिया।

तहरीर के अनुसार बीच-बचाव करने पहुंचे समसुद्दीन और उनकी पत्नी नूरजहां बेगम पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सिर में गहरी चोट लगने से काफी रक्तस्राव होने की बात कही गई है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद कुछ आरोपी उनके घर में घुस गए और रिमझिम नामक युवती के साथ मारपीट व अभद्रता की। साथ ही जाते समय रास्ते में साड़ी खींचकर छेड़खानी करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।