कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से कर रहे थे अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो को पकड़ा, आठ को चेतावनी देकर छोड़ा
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सिगरा थाना क्षेत्र में अभियान चलाते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर कड़ी चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची एंटी रोमियो टीम ने मौके पर निगरानी की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने अवनीश पांडेय निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध थाना सिगरा में बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया गया। इनमें कुछ नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी तथा लिखित माफीनामा लेने के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिया। इस अभियान में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।