शूटिंग चैंपियनशिप में अंकुर सिंह का शानदार प्रदर्शन, छठी रैंक के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

वाराणसी के पिस्टल शूटर अंकुर सिंह ने 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलनकर शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में छठी रैंक हासिल कर अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
 

वाराणसी। वाराणसी के पिस्टल शूटर अंकुर सिंह ने 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलनकर शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में छठी रैंक हासिल कर अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

23 अक्टूबर से दो नवंबर तक उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच अंकुर सिंह ने अपने निशाने और प्रदर्शन से छठा स्थान हासिल किया। इस परिणाम के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता प्राप्त कर ली।

अंकुर सिंह लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। इस बार छठी रैंक के साथ क्वालीफाई करना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। वह राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई), उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन (यूपीएसआरए) और वाराणसी जिला राइफल क्लब से जुड़े हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ वह शूटिंग में अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं।

अंकुर सिंह ने अपनी सफलता पर कहा कि शूटिंग उनके लिए महज एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा जताया कि नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उनका लक्ष्य भारतीय राष्ट्रीय शूटिंग टीम के ट्रायल तक पहुंचना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है।

उन्होंने कहा कि वह वाराणसी और उत्तर प्रदेश के साथ ही देश का नाम शूटिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका क्वालीफाई होना इसी लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।