बरेका में अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संपन्न, 51 अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा
वाराणसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन तथा बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में मंगलवार को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में राजभाषा विभाग द्वारा अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे बोर्ड स्तर पर आयोजित होने वाली अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए बरेका के प्रतिभागियों का चयन करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी भाषा, राजभाषा नीति एवं सामान्य ज्ञान के प्रति जागरुकता बढ़ाना था।
मुख्य राजभाषा अधिकारी रामजन्म चौबे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के 51 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता पूरी तरह हिंदी माध्यम में आयोजित की गई, जिसमें रेलवे से जुड़े विषयों, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा नीति तथा सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और प्रतिस्पर्धी भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में हिंदी के प्रति रुचि और ज्ञान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
राजभाषा विभाग ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बरेका का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर भी बरेका का उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे। इस प्रकार के आयोजन न केवल राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देते हैं, बल्कि कर्मचारियों में भाषा, प्रशासनिक ज्ञान और बौद्धिक प्रतिस्पर्धा की भावना को भी सशक्त बनाते हैं।