विश्वनाथ धाम में श्रद्धा के साथ मनाई गई अक्षयवट हनुमान जयंती, भक्तों में बंटा प्रसाद

श्री काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर अक्षयवट हनुमान जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधिविधान से पूजन-अर्चन के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। 
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर अक्षयवट हनुमान जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधिविधान से पूजन-अर्चन के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। 

गुरुवार सुबह हनुमान लला का विधि-विधान से पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद तेल और सिंदूर का लेपन कर उन्हें नूतन वस्त्र धारण कराए गए। गेंदा, तुलसी और कुंद जैसे सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे पंडित राजू पांडेय ने संपन्न कराया। इसके साथ ही बाबा को रजत मुकुट पहनाकर विभिन्न प्रकार के मिष्ठान और फलों का भोग अर्पित किया गया।

मंदिर के महंत नील कुमार मिश्रा ने विधिवत महाआरती कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आरती के पश्चात मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए, जहां भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस अवसर पर लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में महंत बच्चा पाठक, रमेश गिरी, राजू पाठक, अंकित मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।