अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले वाराणसी में रक्तदान, किया जागरूक 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 1 जुलाई को होने वाले जन्मदिन के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाराणसी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित इस सामाजिक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। आयोजकों ने शाम तक 153 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है।
 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 1 जुलाई को होने वाले जन्मदिन के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाराणसी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित इस सामाजिक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। आयोजकों ने शाम तक 153 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संदीप कुमार यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से हर वर्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी रक्तदान शिविर लगाया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि दोपहर तक करीब 56 से 57 युवाओं ने रक्तदान कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई थी। आयोजकों को उम्मीद है कि शाम तक बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचेंगे और 101 से लेकर 153 यूनिट तक रक्त संग्रह का लक्ष्य पूरा होगा।

संदीप कुमार यादव ने कहा कि रक्तदान शिविर में सभी वर्गों और समुदायों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पर अक्सर जातिवाद के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन इस शिविर में हर जाति और धर्म के लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज सेवा के कार्यों में सभी लोग एकजुट होकर योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल जन्मदिन मनाना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा के लिए लोगों को रक्तदान जैसे महादान के प्रति जागरूक करना भी है। उनका कहना था कि रक्त की कमी के कारण किसी मरीज का इलाज प्रभावित न हो, इसके लिए ऐसे आयोजन लगातार किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर संदीप कुमार यादव ने बाबा विश्वनाथ से अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा और आम जनता भविष्य में भी समाजवादी पार्टी का समर्थन करेंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी।