रुद्राभिषेक, कुष्ठ आश्रम में सेवा और वृक्षारोपण के संकल्प के साथ मनाया गया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन
रुद्राभिषेक, कुष्ठ आश्रम में सेवा और वृक्षारोपण के संकल्प के साथ मनाया गया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को वाराणसी में सेवा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, लक्ष्मीकांत मिश्रा 'किशमिश गुरु' और युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय के नेतृत्व में करपात्री धाम स्थित मणि मंदिर में रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद संकट मोचन स्थित कुष्ठ आश्रम में कुष्ठ रोगियों को भोजन और मिष्ठान वितरित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
जनसेवा को बताया समाजवादी विचारधारा की पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता की सेवा और सामाजिक सरोकारों की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कुष्ठ आश्रम में सेवा कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 1 से 7 जुलाई तक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
'सेवा कार्य ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का सच्चा सम्मान'
युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी विचारधारा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना ही उनके सिद्धांतों का वास्तविक सम्मान है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और सकारात्मक बदलाव की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
लक्ष्मीकांत मिश्रा 'किशमिश गुरु' ने कहा कि जन्मदिन का यह कार्यक्रम गरीबों और वंचितों को समर्पित है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने समाजवादी एम्बुलेंस, डायल-100, लैपटॉप वितरण सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की थीं। वहीं वर्तमान सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं में बदलाव की भावना मजबूत हो रही है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतुल श्रीवास्तव, विज्जु यादव, राहुल यादव, अंजनी सिंह पटेल, आयुष पाण्डेय, दिलीप यादव, शुभम यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।