गंगोत्री से गंगासागर तक ‘अखंड गंग ज्योत’ यात्रा काशी पहुंची, गंगा द्वार पर जगाई स्वच्छता की अलख
वाराणसी। गंगा स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर गंगोत्री से गंगासागर तक जा रही ‘अखंड गंग ज्योत’ यात्रा गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पहुंची। इस यात्रा का नेतृत्व काशी की बेटी सोनी चौरसिया कर रही हैं, जो रोलर स्केट्स के माध्यम से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर रही हैं।
गंगा आरती के साथ लिया स्वच्छता का संकल्प
गंगा द्वार पहुंचने पर यात्रा दल ने ललिता घाट पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के साथ मां गंगा की आरती उतारी और स्वच्छता का संकल्प लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों को भी गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
महिला दिवस से शुरू हुई यात्रा, गंगासागर तक होगा समापन
यह यात्रा 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुरू हुई थी, जो 3 अप्रैल को गंगासागर पहुंचकर समाप्त होगी। ‘रन फॉर गंगा’ अभियान के तहत यह यात्रा विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में लोगों को गंगा की सफाई और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक कर रही है।
लोगों से गंगा स्वच्छ रखने की अपील
यात्रा के दौरान गंगा तट की साफ-सफाई भी की गई और लोगों से अपील की गई कि वे गंगा किनारे गंदगी न फैलाएं। साथ ही गंगा के जलीय जीवों के संरक्षण और नदी की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।
“गंगा बचाओ – खुशहाली लाओ” का संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित सनातनी गंगा फाउंडेशन के अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण कुमार ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को गंगा की महत्ता समझाना और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने भी “गंगा बचाओ – खुशहाली लाओ” का संदेश देते हुए लोगों से इस अभियान में जुड़ने की अपील की।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर सोनी चौरसिया, राजेश शुक्ला, कैप्टन प्रवीण कुमार, राजेश डोंगरा, विवेक डोंगरा और प्रशांत स्केट्स दल के सदस्य समेत कई लोग मौजूद रहे।
यह यात्रा न केवल गंगा स्वच्छता का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा भी बन रही है।