जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में AIMIM का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम वाराणसी में सौंपा ज्ञापन

जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में AIMIM का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम वाराणसी में सौंपा ज्ञापन
 

वाराणसी। रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय परिसर की इमारतों पर की जा रही प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की वाराणसी इकाई ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की है।

AIMIM के महानगर अध्यक्ष मुख्तार अहमद अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित भवनों को अवैध बताकर गिराए जाने की कार्रवाई विधि विरुद्ध और राजनीति से प्रेरित है। उनका दावा है कि परिसर में हुआ निर्माण पूरी तरह वैध है और इसे निशाना बनाया जा रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि जौहर विश्वविद्यालय किसी एक व्यक्ति की संपत्ति नहीं, बल्कि सार्वजनिक सहयोग से स्थापित एक शैक्षणिक संस्थान है। पार्टी का कहना है कि विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी अनुदान के साथ-साथ आम लोगों के चंदे का भी योगदान है तथा यहां सभी वर्गों और समुदायों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक शिक्षा से जुड़े हैं।

AIMIM ने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप कर विश्वविद्यालय परिसर पर की जा रही कार्रवाई रोकने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि छात्रों और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई नहीं रोकी गई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।