सावन से पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-2 मार्ग की गली क्षतिग्रस्त, बढ़ी परेशानी

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-2 की ओर जाने वाले मार्ग की गली इन दिनों क्षतिग्रस्त हाल में है। गेट नंबर-4 के आगे स्थित इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए गुजरते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़क और उखड़ी हुई गली के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-2 की ओर जाने वाले मार्ग की गली इन दिनों क्षतिग्रस्त हाल में है। गेट नंबर-4 के आगे स्थित इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए गुजरते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़क और उखड़ी हुई गली के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों, क्षेत्रीय पार्षद और विधायक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे और टूटी हुई इंटरलॉकिंग लोगों के लिए खतरा बन गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इस मार्ग से गुजरते हैं। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों का संतुलन बिगड़ जाता है और कई बार श्रद्धालु तथा स्थानीय निवासी गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सावन माह में काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में यदि समय रहते इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता।  क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सावन शुरू होने से पहले युद्धस्तर पर सड़क और गली की मरम्मत कराई जाए, ताकि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।