राजातालाब में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो जेसीबी समेत 9 वाहन सीज
वाराणसी। राजातालाब तहसील क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी छापेमारी की। उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार शिनशिनवार के नेतृत्व में खनन विभाग और प्रशासनिक टीम ने अखरी, मझियार और कपसेठी क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त 9 वाहनों को सीज कर दिया।
एसडीएम ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन और ढुलाई की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनन अधिकारी प्रशांत के साथ संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध खनन और मिट्टी परिवहन में लगे दो जेसीबी, दो डंपर तथा पांच ट्रैक्टर पकड़े गए।
प्रशासन ने सभी वाहनों को सीज कर संबंधित थानों की पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। छापेमारी की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए।
उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार शिनशिनवार ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।