बरेका की कर्मशाला में विधिविधान से पूजे गए आदिशिल्पी, महाप्रबंधक ने दीं शुभकामनाएं

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा का पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न शॉपों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने बरेका परिवार को विश्वकर्मा पूजन की शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा का पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न शॉपों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने बरेका परिवार को विश्वकर्मा पूजन की शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

विश्वकर्मा पूजन को लेकर बरेका की कर्मशाला में उत्सवी माहौल रहा। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई कर पूजा स्थलों को फूलों, रंग-बिरंगी झंडियों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया। विभिन्न शॉपों में स्थापित भगवान विश्वकर्मा के चित्रों के समक्ष कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना की।

अभिकल्प विभाग से शुरू हुआ पूजन
पूजन समारोह का शुभारंभ अभिकल्प विभाग में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में हुआ। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कर्मशाला के विभिन्न शॉपों का भ्रमण कर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया और कर्मचारियों से संवाद किया। इस क्रम में न्यू ब्लॉक शॉप, सीटीएस शॉप, टूल रूम, इंजन डिवीजन, लोको फ्रेम शॉप, पाइप शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रैक्शन असेंबली शॉप, ट्रैक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप और डिपो सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर पूजन किया गया। अधिकारियों के आगमन पर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।

कौशल और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का संदेश
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना कौशल, गुणवत्ता, नवाचार, परिश्रम और सृजनशीलता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि बरेका की पहचान उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, कर्मठ मानव संसाधन और निरंतर नवाचार से बनी है। सभी कर्मचारियों को अपने कार्य में गुणवत्ता, दक्षता और पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बरेका परिवार के सभी सदस्यों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव, परिषद के अन्य सदस्य, बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके परिजन भी शामिल हुए।