वाराणसी में जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई के निर्देश : मंत्री श्री ए.के. शर्मा
वर्षा काल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतें अधिकारी
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी : श्री ए.के. शर्मा
जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाकर नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश
लखनऊ, 26 अगस्त 2026 नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी भ्रमण के दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में जलभराव, जल निकासी एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए वर्तमान स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल सभी आवश्यक कदम उठाकर नागरिकों को राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।
मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान कहीं भी जल निकासी बाधित न हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने सीवर एवं जल निकासी व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा काल में विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए विद्युत पोल, तार, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया जाए। किसी भी संभावित खतरे को पहले से चिन्हित कर तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा काल में विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। कहीं भी विद्युत तार टूटने, जलभराव वाले क्षेत्र में विद्युत प्रवाह अथवा अन्य जोखिम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
श्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगरी में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने वर्षा काल को देखते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इस दौरान पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार, नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।