प्रतियोगी परीक्षा में नकल कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मलदहिया चौराहे से दबोचा
वाराणसी। प्रतियोगी परीक्षा में नकल कराने के मामले में वांछित चल रहे 30 वर्षीय आरोपी को सिगरा पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मलदहिया चौराहे के पास से पकड़ा। वह प्रयागराज का रहने वाला है और काफी समय से पुलिस की तलाश में था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शिवजीत पटेल पुत्र बाल गोविंद पटेल, निवासी रामगढ़ कोठारी, थाना बहरिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सिगरा में प्रतियोगी परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से संबंधित मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0300/2026 के तहत उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 4/8/13(1)(2)(5) में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान बुधवार को उसके मलदहिया चौराहा के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह करीब छह बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन में सिगरा पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, लल्लापुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मोहम्मद ईजाद शामिल रहे।