काशी में एयर शो की सफलता के लिए मां गंगा की आरती, बाबा विश्वनाथ से मांगा आशीर्वाद
नमो घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना, ‘विंग्स ओवर गंगा’ के सुरक्षित और निर्विघ्न आयोजन की कामना
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ की सफलता और सुरक्षित आयोजन की कामना को लेकर बुधवार को नमो घाट पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया। नमामि गंगे की टीम ने महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ मां गंगा की आरती उतारी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। इस दौरान बाबा विश्वनाथ से भी प्रार्थना की गई कि ऐतिहासिक आयोजन निर्विघ्न संपन्न हो और इसमें शामिल सभी प्रतिभागियों तथा दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में हुए अनुष्ठान में द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और स्वस्तिवाचन का पाठ किया गया। गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में बटुकों ने वैदिक मंत्रों के साथ मां गंगा की आराधना की। इस दौरान देश की सुरक्षा, सैनिकों के साहस और समर्पण तथा काशी की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का पराक्रम
राजेश शुक्ला ने बताया कि भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर ‘वायुसेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम काशी के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। इसमें गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, सटीक उड़ान और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि एयर शो भारतीय वायुसेना की आधुनिक तकनीक, विमानन क्षमता और साहस का प्रदर्शन करेगा। इससे लोगों को देश की रक्षा में वायुसेना के योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करने और उन्हें वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
राफेल, सुखोई और तेजस समेत कई विमान दिखाएंगे करतब
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड सहित आधुनिक विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है। इसके अलावा आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे परिवहन एवं अन्य श्रेणियों के विमान भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम सामूहिक उड़ान और सटीक तालमेल का प्रदर्शन करेगी। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल अपने रोमांचक हवाई करतबों से दर्शकों को आकर्षित करेगा। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमानों की भागीदारी से विभिन्न रक्षा बलों की क्षमताओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
काशी के लिए गौरव का अवसर
नमामि गंगे की टीम ने कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए विश्वविख्यात काशी में भारतीय वायुसेना के शौर्य का प्रदर्शन विशेष महत्व रखता है। मां गंगा की आराधना के माध्यम से आयोजन की सफलता की कामना की गई। सभी ने प्रार्थना की कि ‘विंग्स ओवर गंगा’ सुरक्षित, सफल और यादगार बने तथा यह आयोजन काशी और पूरे देश के लिए गौरव का क्षण साबित हो।