नीट समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में आप की सर्वधर्म प्रार्थना सभा

नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) की वाराणसी दक्षिणी विधानसभा इकाई ने रविवार को टाउन हॉल मैदान, मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की। कार्यक्रम के माध्यम से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।
 

वाराणसी। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) की वाराणसी दक्षिणी विधानसभा इकाई ने रविवार को टाउन हॉल मैदान, मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की। कार्यक्रम के माध्यम से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।

प्रार्थना सभा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि देशभर के छात्र पिछले एक सप्ताह से जंतर-मंतर पर पारदर्शी, निष्पक्ष और पेपर लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने यह भी कहा कि आंदोलनरत छात्र पूरे मामले की जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

आप नेताओं ने बताया कि प्रख्यात शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक भी छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, संजय सिंह ने जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।

प्रार्थना सभा में घनश्याम पांडेय, रेखा जायसवाल, अब्दुल्ला खान, सरोज शर्मा, विनोद जायसवाल, मोहम्मद आकिब खान, आर.के. उपाध्याय, निलेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, सौरभ यादव, विनोद कुशवाहा, ओम कुमार, नरेंद्र गुप्ता, अंकित सेठ, नियाज सहित आम आदमी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।