वाराणसी में AAP कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, केजरीवाल सहित 23 आरोपियों को कोर्ट से बरी किए जाने पर बांटी मिठाइयां, ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला जुलूस
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया सहित 23 आरोपियों को कथित शराब घोटाले मामले में कोर्ट से बाइज्जत बरी किए जाने के बाद वाराणसी में आप कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क के पास एकत्रित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की।
जिला अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाकर आप नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले ने सच्चाई को सामने ला दिया है और पार्टी के खिलाफ रची गई साजिश बेनकाब हो गई है।
प्रदेश प्रवक्ता का बयान: लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप
प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में यह पहली घटना है जब सत्ता के लालच में एक सिटिंग मुख्यमंत्री पर झूठा आरोप लगाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दिल्ली की जनता के साथ साजिश थी।
उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया। उनके अनुसार सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाएं निष्पक्षता के बजाय राजनीतिक प्रभाव में काम करती प्रतीत हो रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
महिला महासचिव और वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रिया
प्रदेश महिला महासचिव रेखा जायसवाल और वरिष्ठ नेता देवकांत वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को बदनाम कर उसे समाप्त करने की जो मंशा थी, उस पर न्यायालय के फैसले ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने इसे सत्य की जीत बताया और कहा कि पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर मजबूती से काम करती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
जश्न कार्यक्रम में अब्दुल्ला खान, घनश्याम पांडे, अर्चना श्रीवास्तव, शारदा टंडन, अखिलेश पांडे, प्रमोद श्रीवास्तव, प्रिया पटेल, निलेश सिंह, अमर सिंह पटेल, मोहिनी महेंद्रु, गुलाब सिंह राठौड़, सरोज शर्मा, अरविंद यादव, इमरान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह फैसला न्यायपालिका में उनके विश्वास को और मजबूत करता है और पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।