वाराणसी जंक्शन पर ट्रेन के इंजन पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज करेंट की चपेट में आकर झुलसा
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के आउटर पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बनारस-मुंबई समर स्पेशल ट्रेन के इंजन पर एक विक्षिप्त युवक चढ़ गया और ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन के हाई वोल्टेज करेंट की चपेट में आ गया। तेज झटके के बाद युवक नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 01074 बनारस-मुंबई समर स्पेशल शनिवार सुबह कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हुई थी। ट्रेन के आगे बढ़ने के कुछ ही देर बाद एक युवक पीछे से इंजन पर चढ़ गया। इंजन के ऊपर पहुंचते ही वह ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया और उसे हाई वोल्टेज करेंट का जोरदार झटका लगा। करंट लगते ही युवक इंजन से नीचे गिर गया, जिससे उसके पेट का हिस्सा झुलस गया। उसके हाथ और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के दौरान इंजन का पेंटोग्राफ डाउन हो गया, जिसके चलते ट्रेन को रोकना पड़ा। लोको पायलट महावीर मौर्य ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ उपनिरीक्षक राम कंवर और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और घायल युवक की सहायता शुरू की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई।
आरपीएफ जवानों ने घायल युवक को प्राथमिक सहायता देने के बाद मंडलीय अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसके शरीर पर गोविंद कुमार नाम और हरहुआ गांव का उल्लेख गुदा हुआ मिला है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए रेलवे संचालन प्रभावित रहा, लेकिन अधिकारियों की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर और ट्रैक के आसपास किसी भी तरह की जोखिम भरी गतिविधि से बचें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें।