नदेसर स्पोर्ट्स एरीना में बच्चों के लिए स्केटिंग एरीना और मॉर्निंग वॉक के लिए बन रहा सिंथेटिक ट्रैक, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, 15 नवंबर तक निर्माण पूरा करने का दिया निर्देश 

 

वाराणसी। शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नदेसर में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स एरीना का बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को सभी कार्य 15 नवंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के साथ बच्चों और सुबह टहलने वालों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बॉक्स क्रिकेट टर्फ, पिकल बॉल कोर्ट और रिक्रिएशनल एरीना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण में निर्धारित समयसीमा और सुविधाओं की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

बच्चों और दिव्यांगजनों की सुविधाओं पर जोर
नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि स्पोर्ट्स एरीना में दिव्यांगजनों की आवाजाही और उपयोग को ध्यान में रखकर सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं। बच्चों के शारीरिक विकास और फिटनेस को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष संसाधन उपलब्ध कराने को कहा। परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए हॉर्टिकल्चर के कार्यों की मात्रा बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

स्केटिंग एरीना और सिंथेटिक ट्रैक भी बनेगा
स्पोर्ट्स एरीना में बच्चों के लिए स्केटिंग एरीना विकसित करने और स्केटिंग क्लास संचालित करने की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा मॉर्निंग वॉकर्स की सुविधा के लिए सिंथेटिक ईपीडीएम ट्रैक बनाने तथा परिसर के सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माणाधीन परिसर को खेल, मनोरंजन और शारीरिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, मुख्य महाप्रबंधक वाराणसी स्मार्ट सिटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।