बीएचयू समन्वित ग्रामीण विकास केन्द्र में सेवानिवृत्त कर्मी को दी गई भावपूर्ण विदाई, सहकर्मियों ने सेवा और समर्पण को सराहा
वाराणसी। बीएचयू के समन्वित ग्रामीण विकास केन्द्र में शनिवार को एक भावुक और गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें केन्द्र के वरिष्ठ और अत्यंत सम्मानित सहयोगी राजनाथ पाल के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई दी गई। उनके दीर्घकालिक सेवा योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राजनाथ पाल ने विश्वविद्यालय में अपनी नियुक्ति के बाद से ही अपनी निष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और सरल व्यवहार से सभी के बीच विशेष स्थान बनाया। सहकर्मियों ने कहा कि उन्होंने हमेशा संस्थान के हित को प्राथमिकता दी और हर जिम्मेदारी को पूरी लगन के साथ निभाया। विदाई समारोह में उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम और माल्यार्पण देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि राजनाथ पाल का कार्यकाल संस्थान के लिए प्रेरक और उल्लेखनीय रहा है। उनकी कार्यकुशलता, सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग की भावना ने न केवल संस्थान की प्रगति में योगदान दिया, बल्कि सहकर्मियों में टीम वर्क की भावना को भी मजबूत किया। कहा गया कि राजनाथ पाल जैसे कर्मठ और विनम्र व्यक्तित्व संस्थान के लिए सदैव यादगार रहेंगे।
समारोह के दौरान कई सहकर्मियों ने उनके साथ जुड़े अनुभवों और बिताए गए श्रेष्ठ पलों को याद किया। माहौल कई क्षणों में भावुक हुआ, जब सहयोगियों ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राजनाथपाल का स्थान भर पाना कठिन होगा। सभी ने उनकी सेवाओं और व्यवहार की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. आलोक कुमार पांडेय, भूपेंद्र प्रताप सिंह, आरती विश्वकर्मा, अनिल कुमार भूषण, शतीष वर्मा, रामजी सहित केन्द्र के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।