मिर्जामुराद में रोडवेज बस में लगी आग, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सभी यात्री सुरक्षित
वाराणसी। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कछवारोड के पास चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और फिर आग की लपटें फैलने लगीं, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि मिर्जामुराद पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिर्जामुराद पुलिस की सीसी टीम एनएच-19 पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान कछवारोड से वाराणसी की ओर जा रही रोडवेज बस से धुआं निकलता देखा गया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बस को रुकवाया और तुरंत यात्रियों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने तेजी दिखाते हुए एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया। कुछ ही मिनटों में बस आग की चपेट में आ गई, लेकिन तब तक सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही को धीरे-धीरे सामान्य कराया।