सिगरा पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी मुस्कान, सिर्फ 2 घंटे में मिली 9 साल की गुमशुदा बच्ची

वाराणसी। थाना सिगरा क्षेत्र में गुम हुई 9 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से परिवार में खुशी लौट आई, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सराहना की है।
 

वाराणसी। थाना सिगरा क्षेत्र में गुम हुई 9 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से परिवार में खुशी लौट आई, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सराहना की है।

खेलते-खेलते घर से दूर भटक गई थी बच्ची
मंगलवार, 31 मार्च 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी 9 वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेलते समय अचानक कहीं चली गई और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। बच्ची के गुम होने से परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने तुरंत बनाई टीम, शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी और तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
तलाश के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे बच्ची की लोकेशन का सुराग मिला। इसी आधार पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।

सकुशल मिलने पर भावुक हुए परिजन
गुमशुदगी की सूचना के महज दो घंटे के भीतर बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सिगरा पुलिस और कमिश्नरेट वाराणसी की टीम का धन्यवाद करते हुए उनकी कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक खुशबू उपाध्याय, उपनिरीक्षक काजोल और महिला कांस्टेबल रीमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की मुस्तैदी और समन्वय ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।