रामनगर में 51 फीट ऊंचा होगा मां दुर्गा का भव्य पंडाल, पश्चिम बंगाल के कारीगर देंगे आकर्षक स्वरूप, तीन दिन चलेगा विशेष प्रसाद वितरण और होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन

रामनगर स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति, चौक रामनगर की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा। पूजा पंडाल 51 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। इसे आकर्षक स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंडाल की विशेष विद्युत सजावट भी की जाएगी, जो पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी।
 

वाराणसी। रामनगर स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति, चौक रामनगर की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा। पूजा पंडाल 51 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। इसे आकर्षक स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंडाल की विशेष विद्युत सजावट भी की जाएगी, जो पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी।

आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति की आवश्यक बैठक मंगलवार को समिति के उपाध्यक्ष रूपेंद्र किशोर पांडेय ‘पम्मू गुरु’ के लॉन में हुई। इसमें दुर्गा पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कई निर्णय लिए गए। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए पूजा के दौरान तीन दिनों तक विशेष प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। मां दुर्गा के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया जाएगा। पूजा पंडाल में आने वाले अतिथियों के स्वागत और सम्मान के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

समिति के अध्यक्ष गोपी कृष्ण चौरसिया ‘नीलू’ ने बताया कि श्री दुर्गा पूजा समिति, चौक रामनगर वर्ष 1979 से लगातार मां दुर्गा की स्थापना और पूजन करती आ रही है। आयोजन को सफल बनाने में नगरवासियों और श्रद्धालुओं का हर वर्ष सहयोग मिलता है। समिति का प्रयास है कि इस बार भी पूजा को भव्य और यादगार बनाया जाए। महामंत्री संतोष द्विवेदी ने बताया कि समिति अपने स्थापना के 48वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस अवसर पर पंडाल में आकर्षक विद्युत सजावट के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।