राजभाषा पदक से सम्मानित हुए BLW के दो अफसर
वाराणसी। भारतीय रेल मंत्रालय द्वारा मनाया जा रहे हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित रेल भवन के सम्मेलन कक्ष में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीके त्रिपाठी की अध्यक्षता में राज्य भाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें हिंदी राजभाषा नीति के प्रचार प्रसार में अच्छी भूमिका निभाने के लिए बरेका के दो अधिकारियों को राजभाषा पदक प्रदान किया गया।
बरेका के मुख्य अभिकल्प इंजीनियर पवन प्रिय राजू और मुख्य विद्युत इंजीनियर/ निरीक्षण हिरेन्द्र सिंह राणा ने अपर मण्डल रेल प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे में रहते हुए वर्ष 2020 में भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रचार-प्रसार में सराहनीय भूमिका निभाई थी एवं अपना अधिकांश कार्य हिंदी में संपादित किया तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सरकारी कामकाज संघ की राजभाषा हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित किया। ऐसे सराहनीय काम के लिए दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
इस समारोह के दौरान भारतीय संविधान में निर्धारित राजभाषा कार्यान्वयन के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वाह करने के उपलक्ष्य मे रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी वी के त्रिपाठी ने दोनों अधिकारियों को रेल मंत्री राजभाषा रजत पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इस सम्मान से समस्त बरेका परिवार अभिभूत है।