लिव इन में रहने वाली महिला पिता के घर से गहने और डेढ लाख चुरा ले गई

 


जोधपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। शहर के देवनगर हलके में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी ही पुत्री पर घर से चार पांच तोला सोना, आधा किलो चांदी और डेढ लाख की नगदी चुराकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दी है। उसकी पुत्री शादीसुदा है और अभी किसी अन्य के साथ लिव इन रिलेशन में है। कुछ अरसे पहले उसकी पुत्री घर से लापता हुई थी बाद में वह पुलिस के समक्ष हाजिर भी हुई तब लिव इन में रहने की बात की थी। तब उसे युवक के साथ भेज दिया गया है। पिता अपने घर चले गए थे।

देवनगर पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में राजीव गांधी कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने यह रिपोर्ट दी। अदालत से मिले इस्तगासे पर पुलिस ने उसकी पुत्री के खिलाफ रूपए और गहने चोरी का केस दर्ज किया है। इसमें बताया कि उसकी पुत्री शादीसुदा है और वर्तमान में किसी किशनसिंह के साथ लिव इन में रह रही है। 28 जुलाई को उसकी पुत्री घूमने गई थी और 30 जुलाई को वह पिता के घर पर आई। बक्सों से डेढ तोला सोने का हार, चार अंगुठियां, नाक की फीणी, कानों के टोप्स जोडी, 20 तोला चांदी की दो पायजेब जोडियां के अलावा ढाई सौ ग्राम अन्य चांदी के आइटम और डेढ लाख की नगदी चुरा ले गई। पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री की शादी पहले किसी से हो रखी है मगर वह बाद में किसी किशन सिंह नाम के शख्स के साथ लिव इन में रहने लगी। पुत्री द्वारा की गई करतूत को लेकर पिता ने उस पर चोरी का आरोप लगाया और केस दर्ज करवाया है।

देवनगर पुलिस ने बताया कि पीडित की पुत्री पहले घर से लापता होने पर गुमशुदगी भी दर्ज हुई थी। बाद में वह आई और किशनसिंह के साथ लिव इन में रहने की बात की थी। तब पुलिस ने उसके साथ भेज दिया था। पिता भी अपने घर चले गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ ईश्वर