मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट पर लूटपाट करने वाले आरोपित गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में बीती देर रात को हथियारबंद बदमाशों ने मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट पर धावा बोल दिया। आरोपितों ने तमंचा व बर्फ तोड़ने वाला सुआ दिखाकर दो सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया। बाद में उनसे मोबाइल, कैश व अन्य सामान लूट लिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस को खबर मिली तो फौरन टीम हरकत में आई। चंद ही घंटों बाद पुलिस ने एक-एक कर तीन आरोपितों को दबोच लिया।

इनकी पहचान मंगल (19), विजय (19) और राजीव उर्फ राजू (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटे गए दो मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बर्फ तोड़ने वाला सुआ और अन्य सामान बरामद किया है। तीनों आरोपित नशे के आदी हैं। पकड़े गए आरोपितों में राजीव ग्रेजुएट हैं। पुलिस को इनके एक अन्य साथी निखिल की तलाश है।

पुलिस के अनुसार, बताया कि सोमवार देर रात को हथियारबंद बदमाश अंबेडकर पार्क, गोकुलपुरी स्थित मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट में घुस गए। आरोपितों ने अंदर पहुंचते ही वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड को तमंचा और बर्फ तोड़ने वाला सुआ दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद एक आरोपित ने दोनों की जेबों की तलाशी लेना शुरू की। आरोपितों ने इनसे मोबाइल, कैश व अन्य सामान लूटा और फरार हो गए।

एक गार्ड मुकेश ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। इस बीच संजय कालोनी, कूड़े के खत्ते के पास एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने आरोपित को काबू किया। आरोपित की पहचान मंगल के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान मंगल ने लूट की वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार की। इसकी निशानदेही पर विजय और बाद में राजीव को गोकुलपुरी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी