वाराणसी में उत्साह के साथ मनाया गया 78वां सीए दिवस, मैराथन, वृक्षारोपण और ध्वजारोहण का हुआ आयोजन

वाराणसी। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वाराणसी शाखा ने बुधवार को 78वां सीए दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। पूरे दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मैराथन, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और ध्वजारोहण जैसे आयोजन किए गए। बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, छात्र-छात्राओं और गणमान्य लोगों ने इसमें भाग लिया।
 

वाराणसी। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वाराणसी शाखा ने बुधवार को 78वां सीए दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। पूरे दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मैराथन, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और ध्वजारोहण जैसे आयोजन किए गए। बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, छात्र-छात्राओं और गणमान्य लोगों ने इसमें भाग लिया।

मैराथन से हुई दिन की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे मैराथन से हुई। प्रतियोगिता में सीए विकास द्विवेदी ने प्रथम और आयुष तिवारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में तनिष्का केशरी प्रथम तथा काव्या तिवारी द्वितीय स्थान पर रहीं। ध्वजारोहण के बाद विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया।

वृक्षारोपण और स्वच्छता का दिया संदेश
मैराथन के बाद शाखा परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर शाखा परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

राष्ट्र निर्माण में सीए की भूमिका पर दिया जोर
सुबह 9 बजे आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूपीपीसीएल के जनरल मैनेजर श्रवण बब्बर ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण में भूमिका की सराहना की। उन्होंने आईसीएआई वाराणसी शाखा द्वारा सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों की भी प्रशंसा की।

आने वाले दिनों में होंगे सेवा कार्य
शाखा अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए बताया कि 78वें सीए दिवस के उपलक्ष्य में आने वाले दिनों में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

शाम को होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
दिनभर के आयोजनों के बाद शाम 7 बजे होटल वर्टेक्स में सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शाखा के सदस्य और उनके परिवार शामिल होंगे।

बड़ी संख्या में सदस्य रहे मौजू
कार्यक्रम के संयोजक सीए सचिन जालान, सीए लोकेश प्रजापति, सीए रसाल बरनवाल, सीए गौरव बरनवाल, पंकज गुप्ता, सीए शोभित पांडेय और सीए जयदीप जायसवाल रहे। अंत में शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष सीए विकास द्विवेदी तथा कार्यकारिणी सदस्य सीए श्री प्रकाश पांडेय ने सभी अतिथियों, सदस्यों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सीए विजय प्रकाश, सीए शिशिर उपाध्याय, सीए रवि कुमार सिंह, सीए सोम दत्ता रघु, सीए सौरभ कुमार शर्मा, सीए नीरज कुमार सिंह सहित सीए द्विजेन्द्र कुमार सिंह, सीए आलोक शिवाजी, सीए कैलाश नाथ गौतम, सीए चंद्र प्रकाश पांडेय, सीए राजीव कुमार सिंह, सीए कैलाश नाथ यादव, सीए ऋषभ वी प्रभाकर, सीए रश्मि केशरवानी, सीए पूजा जैसवाल, सीए शान अनवर, सीए गुरप्रीत सिंह, सीए अमिताभ श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।