भेलूपुर में मकान के अंदर मिला पटाखों का जखीरा, 65.300 किलो माल बरामद, मकान मालिक गिरफ्तार
दीपावली में बिक्री के लिए जुटाए गए थे पटाखे, भंडारण का लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपित, सरायनंदन खोजवा में पुलिस की छापेमारी
वाराणसी। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भेलूपुर पुलिस ने सरायनंदन खोजवा स्थित एक मकान में छापेमारी कर 65.300 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से मकान मालिक संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने रिहायशी इलाके में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण किया था। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान किरहिया तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि सरायनंदन खोजवा की एक कॉलोनी में मकान के भीतर बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।
मौके पर मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। पुलिस ने अंदर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान संजय गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामलाल गुप्ता, निवासी मकान संख्या बी-34/6-3, सरायनंदन खोजवा, भेलूपुर के रूप में बताई।
गत्तों में मिले कई ब्रांड के पटाखे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संजय गुप्ता ने बताया कि वह बच्चों की खिलौना बंदूक और छोटे पटाखों की बिक्री करता है। दीपावली नजदीक होने के कारण उसने पटाखे मंगाए थे। पुलिस ने जब भंडारण से संबंधित लाइसेंस मांगा तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मकान के अंदर तलाशी ली गई, जहां गत्तों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे रखे मिले।
बरामद पटाखों में मोरी छाप, मिनी बुलेट, रेड स्पार्कल, ओरिजनल वंडर, कलर स्पार्कल, ग्राउंड स्पार्कल और चुटपुटिया समेत कई ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने सभी पटाखों का वजन कराया, जो कुल 65.300 किलोग्राम निकला। इनमें से करीब 1.200 किलोग्राम पटाखों का नमूना तैयार कर सील किया गया, जबकि शेष पटाखों को भी सुरक्षित तरीके से सील कर थाने में रखवाया गया।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी
पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता को रात करीब 10:30 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी सुनीता देवी को दी गई। कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने गवाही देने में असमर्थता जताई।
दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के बीच रिहायशी मकान में कथित तौर पर बिना लाइसेंस भंडारण का मामला सामने आने से सुरक्षा संबंधी सवाल उठे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच की जा रही है।