आठ राज्यों से आए 30 तरह के फल, पहड़िया मंडी में पहुंचीं 400 से अधिक गाड़ियां, छठ पूजा की खरीदारी से गुलजार हुए काशी के बाजार

लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर काशी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से चार दिवसीय पर्व की शुरुआत होते ही फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहड़िया मंडी में छठ पूजा के लिए आठ राज्यों से 30 तरह के फल पहुंचे हैं। फलों की आपूर्ति के लिए मंडी में 400 से अधिक गाड़ियां आई हैं। वहीं, शहर के प्रमुख बाजारों में दउरा, बांस की डालियां, पीतल के सूप, मेवे, ईख और नारियल की खरीदारी तेज हो गई है।
 

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर काशी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से चार दिवसीय पर्व की शुरुआत होते ही फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहड़िया मंडी में छठ पूजा के लिए आठ राज्यों से 30 तरह के फल पहुंचे हैं। फलों की आपूर्ति के लिए मंडी में 400 से अधिक गाड़ियां आई हैं। वहीं, शहर के प्रमुख बाजारों में दउरा, बांस की डालियां, पीतल के सूप, मेवे, ईख और नारियल की खरीदारी तेज हो गई है।

आठ राज्यों से पहुंचे 30 तरह के फल
छठ पूजा में फलों का विशेष महत्व होने के कारण पहड़िया मंडी में बड़े पैमाने पर आवक हुई है। महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, बिहार सहित आठ राज्यों से विभिन्न प्रकार के फल वाराणसी पहुंचे हैं। मंडी में 30 तरह के फलों की उपलब्धता है। 400 से अधिक गाड़ियों के पहुंचने से कारोबार में तेजी आई है। पर्व को देखते हुए फलों की पर्याप्त आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने की संभावना है।

फल और पूजन सामग्री के दाम में 10 फीसदी तक वृद्धि
छठ पूजा की खरीदारी के बीच फलों और पूजन सामग्री के दाम में करीब 10 फीसदी तक वृद्धि हुई है। शुक्रवार को दशाश्वमेध, लंका, सिगरा, पांडेयपुर, मंडुवाडीह और शिवपुर समेत शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदार मोलभाव करते नजर आए। दउरा, बांस की डालियों, पीतल के सूप, पूजन बर्तनों और मेवों की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार पूजा की सामग्री जुटाने में लगे रहे।

ताजे फलों के लिए शनिवार-रविवार को बढ़ेगी भीड़
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल जल्दी खराब न हों, इसलिए बड़ी संख्या में व्रती अंतिम समय में खरीदारी करना पसंद कर रही हैं। शुक्रवार को पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू हुई, जबकि शनिवार और रविवार को फलों की दुकानों पर अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। व्रती महिलाएं पूजा के लिए ताजे फल, ईख, नारियल, मिष्ठान और अन्य जरूरी सामग्री खरीदेंगी।


अस्ताचलगामी सूर्य को रविवार को अर्घ्य
डाला छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं नदी, कुंड और तालाबों के किनारे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। बांस की डालियों और दउरा में विभिन्न प्रकार के फल, मिष्ठान, ईख और पारंपरिक पकवान सजाए जाएंगे। व्रती दूध और जल से सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मइया की आराधना करेंगी। इसके बाद रातभर जागरण और भजन-कीर्तन की परंपरा निभाई जाएगी।