राजातालाब में 30 फीट ऊंची अनोखी होलिका बनी आकर्षण का केंद्र, फूलों और झालरों से भव्य सजावट
प्रह्लाद को गोद में लिए होलिका की अनूठी प्रतिमा
स्थानीय युवाओं ने भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद को गोद में लिए हुए होलिका की विशाल प्रतिमा तैयार की है। मुखौटा पहनाकर और वस्त्र धारण कराई गई यह प्रतिमा बेहद आकर्षक दिखाई दे रही है। श्रद्धालु दूर-दूर से इसे देखने पहुंच रहे हैं और इसकी भव्यता की सराहना कर रहे हैं।
नवयुवक संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौहान ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन होलिका की स्थापना की गई थी। इसे अंतिम रूप देने में लगभग 20 दिन का समय लगा। परंपरा के अनुसार होलिका दहन के दिन शाम को विधिवत हवन पूजन के बाद दहन किया जाएगा।
फूल मालाओं और रंगीन झालरों से सजी होलिका
होलिका के चारों ओर फूल मालाओं और रंग-बिरंगी झालर बत्तियों से मनमोहक और भव्य सजावट की गई है। रात के समय रोशनी में यह प्रतिमा और भी आकर्षक दिखाई देती है, जिससे आसपास का पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया है।
मोहन सराय चौराहे पर भी विशेष तैयारी
इसी क्रम में मोहन सराय हाईवे स्थित चौराहे पर गांव के युवाओं द्वारा गोबर से बनी उपली यानी गोहरी से लगभग 10 फीट ऊंची होलिका स्थापित की गई है। इसमें भी प्रह्लाद की प्रतिमा के साथ पारंपरिक स्वरूप दिया गया है।
होली पर्व के नजदीक आते ही क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की भव्य और रचनात्मक होलिका स्थापना से परंपरा भी सशक्त होती है और युवाओं में सांस्कृतिक जुड़ाव भी बढ़ता है।