एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत 2500 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
शिक्षक दिवस पर वन विभाग की पहल, पर्यावरणविद अनिल सिंह ने कहा- पेड़ लगाना सच्ची गुरु दक्षिणा
वाराणसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर वाराणसी वन प्रभाग की ओर से शनिवार को ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरणविद अनिल सिंह की अगुवाई में मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय मंत्री प्रवीण सिंह गौतम ने वाराणसी रेंज के अंतर्गत सेवा भारती विद्यालय परिसर रघुनाथपुर एवं संपर्क मार्ग पर पौधारोपण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए और लोगों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
वन विभाग के रेंजर राजकुमार गौतम ने बताया कि कार्यक्रम के तहत स्थल पर कुल 2500 पौधों का रोपण किया गया। इनमें शीशम के 600, सागौन के 550, महुआ के 300, अर्जुन के 400, नीम के 550 और कटहल के 100 पौधे शामिल हैं। पौधरोपण के दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने पर जोर दिया।
पर्यावरणविद अनिल सिंह ने स्वयं पौधरोपण कर उपस्थित लोगों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि शिक्षक के सम्मान में एक पेड़ लगाना सच्ची गुरु दक्षिणा है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी पुत्रवत देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के बिना पौधों का संरक्षण संभव नहीं है, इसलिए पेड़ लगाने के साथ जल बचाने की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी।
मुख्य अतिथि प्रवीण सिंह गौतम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण और जल संरक्षण को जनअभियान बनाकर पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के बच्चों ने जनजागरूकता रैली निकाली। बच्चों ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमरचंद ठाकुर, रेंजर राजकुमार गौतम, बैभव श्रीवास्तव, रणविजय मौर्य, संजय कुमार, अलका चौरसिया समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।