मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 152 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
4 दिन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 335 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
वाराणसी,13 मई: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को चोलापुर एवं हरहुआ विकास खण्ड परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मांगलिक गीतों, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच 152 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। इसमें चोलापुर विकास खण्ड के 84 तथा हरहुआ विकास खण्ड के 68 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इसमें दो जोड़े का निकाह भी कराया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या एवं विधायक त्रिभुवन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वर-वधु को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। 10 मई रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बड़ागॉव के 183 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे थे। 4 दिन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 335 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
योगी सरकार की यह योजना सामाजिक समरसता और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के बोझ से राहत दे रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दुबे ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न वर्गों के जोड़ों ने भाग लिया, जिनमें अल्पसंख्यक वर्ग के 2, पिछड़ा वर्ग के 23, अनुसूचित जाति के 125 तथा अनुसूचित जनजाति के 2 जोड़े शामिल रहे। विवाह के बाद नवदंपति को विवाह प्रमाण पत्र भी दिया गया।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप चांदी की पायल, बिछिया, वर-वधू के वस्त्र, दीवार घड़ी, ट्रॉली बैग, डिनर सेट, श्रृंगार किट, सूटकेस तथा गद्दा सहित अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की गई।