काशी जोन में प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 124 किलो मांझा बरामद, चार गिरफ्तार, ड्रोन से रखी गई नजर 

प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी की काशी जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और सघन तलाशी करते हुए कुल 123.873 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके विरुद्ध तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
 

वाराणसी। प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी की काशी जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और सघन तलाशी करते हुए कुल 123.873 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके विरुद्ध तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त, काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त, काशी जोन के नेतृत्व में संबंधित पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के तहत प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर निगरानी रखने के साथ ही इसके भंडारण वाले संभावित स्थानों को चिह्नित करने के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई। पुलिस टीमों ने चेकिंग और तलाशी के जरिए प्रतिबंधित मांझे की उपलब्धता पर अंकुश लगाने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके जरिए ऐसे मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के साथ लोगों को इसके खतरों से सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल, बिक्री या भंडारण न करें। इसकी जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।