बरेका में 12 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, महाप्रबंधक ने स्वस्थ और सार्थक जीवन की दी सीख
वाराणसी। बरेका में अगस्त में सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों और दस कर्मचारियों के सम्मान में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और सेवानिवृत्ति फोल्डर प्रदान किए।
इस दौरान महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं। यह जीवन के एक नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत होती है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परिवार के साथ समय बिताने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। साथ ही सकारात्मक सोच, वित्तीय प्रबंधन और आध्यात्मिक चेतना को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे और सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल सहित अन्य सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने बरेका में बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने ध्यान और स्वाध्याय को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार तथा प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चिकित्सा अधिकारी अब्दुल माबूद ने सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं भारतीय स्टेट बैंक की रिचा त्रिपाठी और बैंक ऑफ बड़ौदा के दिनेश कुमार ने वित्तीय सुरक्षा के साथ साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। समारोह में विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, राजाराम, देवानंद देव पांडेय, संजू सिन्हा, फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी और शिवशंकर कुमार समेत 12 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन समीर पॉल ने किया।