वाराणसी में डीजीपी राजीव कृष्णा बोले: अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस जारी, साइबर क्राइम और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस

प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा रविवार को वाराणसी में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, ट्रैफिक प्रबंधन और वाराणसी की विशेष चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति जारी है। इसी नीति का परिणाम है कि अपराध में कमी आई है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
 

वाराणसी। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा रविवार को वाराणसी में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, ट्रैफिक प्रबंधन और वाराणसी की विशेष चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति जारी है। इसी नीति का परिणाम है कि अपराध में कमी आई है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा, नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा, ट्रैफिक का बेहतर संचालन और साइबर अपराधों पर नियंत्रण शामिल है। मिशन शक्ति के तहत पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग लगातार जारी है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़े मामलों में पुलिस और प्रभावी ढंग से काम कर सके।

वाराणसी की चुनौतियों पर बोलते हुए डीजीपी ने कहा कि काशी का देश और उत्तर प्रदेश में विशिष्ट स्थान है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में पुलिसिंग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में रोपवे सेवा भी शुरू होने वाली है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने ट्रैफिक कंजेशन स्कीम शुरू की है। इसके तहत गूगल से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर जाम वाले स्थानों की निगरानी की जा रही है। वाराणसी में 11 कॉरिडोर चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर स्ट्रेच और यात्रा में लगने वाले समय की जानकारी पुलिस आयुक्त, डीसीपी और संबंधित ट्रैफिक प्रभारी तक पहुंचती है। लगातार प्रयासों से पिछले दो महीनों में 24 प्रतिशत चोक प्वाइंट में कमी आई है।

साइबर क्राइम को बड़ा चैलेंज बताते हुए डीजीपी ने कहा कि पुलिस इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। बैंक खातों से पैसा बाहर न जा पाए, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने माना कि कई जगह व्यवस्था बेहतर है, लेकिन ट्रेनिंग की जरूरत अभी भी बनी हुई है। धार्मिक संस्थानों से जुड़े सवाल पर डीजीपी ने कहा कि सभी धार्मिक संस्थानों की अपनी व्यवस्थाएं होती हैं। यदि पुलिस के पास कोई शिकायत आती है तो उसकी जांच की जाती है।


कफ सिरप केस में शुभम जायसवाल के प्रत्यर्पण पर डीजीपी ने कहा कि प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है। जरूरी दस्तावेज केंद्रीय संस्थाओं के माध्यम से दुबई भेजे गए हैं और वहां अदालत की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द लाने के प्रयास जारी हैं। माफिया राज पर डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है और आगे भी जारी रहेगी। सोशल मीडिया के जरिए भय फैलाने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के गुंडों पर भी पुलिस निगरानी रख रही है, ताकि आम लोग सुकून से रह सकें।