लक्ष्य तय कर निरंतर आगे बढ़ें युवा, सफलता की राह में सोशल मीडिया को न बनने दें बाधा, पुलिस कमिश्नर और डीएम ने छात्रों को दी सीख
वाराणसी। असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है। विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश होने के बजाय स्पष्ट लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। छात्र जीवन में सही दिशा और अनुशासन भविष्य की नींव मजबूत करते हैं। यह संदेश शुक्रवार को औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में जिले के आला अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित छात्र संवाद कार्यशाला में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने सिविल सर्विसेज सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को असफलता से निराश होने की जरूरत नहीं है। एक लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ते रहने पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी दौरान व्यक्ति को अपने भविष्य की दिशा तय करनी होती है। यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षा की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें अलग-अलग विषय और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के लिए अवसर मौजूद हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले व्यक्ति के लिए आगे बढ़ने के रास्ते खुलते जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। कहा कि सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य पर उसी तरह ध्यान केंद्रित करना होगा, जैसे अर्जुन की नजर केवल मछली की आंख पर थी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाला समय भारत का है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है। कार्यशाला के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के विभिन्न सवालों और जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सुझाव दिए। कार्यक्रम में एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश सिंह सिसोदिया, बीडीओ हरहुआ अनामिका सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले कॉलेज प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने अधिकारियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। संचालन आइक्यूएसी समन्वयक डॉ. पारुल जैन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पंच बहादुर सिंह ने दिया। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।