युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ किया प्रदर्शन, वाराणसी लोकसभा चुनाव की जांच और पुनर्मतदान की मांग

चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर महानगर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को रविंद्रपुरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ वाराणसी लोकसभा चुनाव की जांच और पुनर्मतदान की मांग उठाई।
 

वाराणसी। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर महानगर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को रविंद्रपुरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ वाराणसी लोकसभा चुनाव की जांच और पुनर्मतदान की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह ने की। कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वाराणसी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से जो सवाल उठाए जा रहे हैं, उनका निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।

चंचल शर्मा ने कहा कि मतदाता अपने मत का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास के साथ करता है। ऐसे में उसके वोट के अधिकार का सम्मान सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव और मतगणना के दौरान कई बिंदुओं को लेकर सवाल उठाए हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर चुनावी आंकड़ों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इन सभी बिंदुओं की स्वतंत्र जांच कर तथ्यों को जनता के सामने स्पष्ट किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वाराणसी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे अजय राय समेत पार्टी की ओर से उठाए गए सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। युवा कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की जांच के साथ वाराणसी में दोबारा लोकसभा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। चंचल शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े सवालों को लेकर है। 

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग संवैधानिक संस्था है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। यदि किसी राजनीतिक दल या मतदाता की ओर से शिकायत अथवा आपत्ति सामने आती है तो संबंधित तथ्यों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं का विश्वास महत्वपूर्ण है। वाराणसी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस जिन मुद्दों को उठा रही है, उनके समाधान तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखती रहेगी।

प्रदर्शन में ओमशंकर शुक्ला, अर्शिया खान, अखिलेश यादव, धीरज सोनकर, सिद्धार्थ केशरी, मोहम्मद जिशान, मुरारी यादव, सुमन आनंद, प्रियदर्शन मीणा, आयुष पटेल, अश्वनी यादव, विनय केशरी और अमित कुमार समेत युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।