काशी पहुंचे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीब, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की तैयारियों का लिया जायजा
वाराणसी। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीब शनिवार को सड़क मार्ग से वाराणसी पहुंचे। उनके काशी आगमन पर महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वाराणसी प्रवास के दौरान उदय भानु चीब ने प्रयागराज में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही युवाओं तक अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए उदय भानु चीब ने कहा कि काशी केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि शिक्षा, बौद्धिक चेतना और छात्र आंदोलनों की दृष्टि से भी देश का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाना है। उनके अनुसार, इस अभियान के माध्यम से बेहतर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समान अवसर जैसे मुद्दों को मजबूती से सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्र समुदाय पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा के बढ़ते खर्च जैसी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। भारतीय युवा कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और युवाओं की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाती रहेगी। महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का काशी आगमन संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में आयोजित होने वाले "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वाराणसी महानगर युवा कांग्रेस शहर के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों तक पहुंचकर अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर रोशनी जायसवाल, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, आशुतोष श्रीवास्तव, उत्कर्ष पांडेय, आयुष पटेल, ईशान पटेल, मदन कन्नौजिया, अंकित तिवारी, सुप्रिति यादव, कुशल जायसवाल, अजय सिंह, माधव कृष्णा, प्रकाश शर्मा, सुजान खान, युवराज पांडेय, सुमित गुप्ता, आलोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।