जैतपुरा में युवक की संदिग्ध हालत में मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के बगवानाला इलाके में सोमवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक प्रदीप विश्वकर्मा मूल रूप से जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले तीन वर्षों से वाराणसी में किराए के मकान में रहकर एसी सर्विसिंग का काम करता था।
सुबह करीब 8 बजे प्रदीप पानी लेने के बाद अपने कमरे में गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इस बीच उसका छोटा भाई सत्यम विश्वकर्मा ने पड़ोस में रहने वाले एक छात्र से संपर्क किया। छात्र ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है।
सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर प्रदीप का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि प्रदीप के परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी आगामी 7 मई को तय थी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू से छानबीन की जा रही है।