बीएचयू सिंहद्वार के पास एटीएम में फर्जीवाड़ा करते युवक पकड़ा गया, लंका थाने भेजा गया
वाराणसी। लंका क्षेत्र में गुरुवार को एटीएम से फर्जीवाड़ा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंहद्वार से पहले पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के समीप स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर लंका थाना भेज दिया।
संदिग्ध गतिविधि पर लोगों को हुआ शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ कर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आसपास मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाई और उसे पकड़ लिया। घटनास्थल कामधेनु अपार्टमेंट के सामने, वीर जी मलाई चाप वाली बिल्डिंग के पास बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक अकेले वारदात को अंजाम दे रहा था या किसी गिरोह का हिस्सा है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी और चौकी स्तर पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके और आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।
देखें वीडियो