नमो घाट पर डबल डेकर बजड़े से गंगा में कूदी युवती, आरक्षियों ने बचाई जान
वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार को डबल डेकर बजड़े से युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस और त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना देर किए गंगा में छलांग लगाई और युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।
नमो घाट पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया और आशुतोष मिश्रा ने जैसे ही युवती को नदी में छलांग लगाते देखा, तुरंत गंगा में कूद पड़े। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच दोनों आरक्षियों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिसकर्मियों के इस साहसिक प्रयास की सराहना की।
रेस्क्यू के तुरंत बाद आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया ने समय गंवाए बिना एक ऑटो की व्यवस्था कर युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिसके बाद युवती की हालत में सुधार आया और उसकी जान बच गई।
होश में आने पर युवती ने पुलिस को अपना नाम मौसम बताया। उसने बताया कि वह गांव चिपौड़ी, थाना बबुरी, तहसील चकिया, जिला चंदौली की रहने वाली है। सूचना मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
युवती के परिजनों ने दोनों आरक्षियों के साहस, तत्परता और मानवता की भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। घाट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने भी कहा कि यदि पुलिसकर्मी तत्काल कार्रवाई नहीं करते तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ी अनहोनी टल गई। दोनों पुलिसकर्मियों की बहादुरी और संवेदनशीलता ने एक बार फिर यह साबित किया कि संकट की घड़ी में पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बल्कि लोगों का जीवन बचाने के लिए भी पूरी निष्ठा से तत्पर रहती है।