मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, भतीजा बाल-बाल बचा, मचा कोहराम
वाराणसी। वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका भतीजा बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र स्थित उगापुर गांव निवासी नवाज शरीफ की पत्नी गुलप्शा बेगम (32) अपने भतीजे खुर्शीद आलम के साथ बाइक से वाराणसी के लोहता बाजार दवा लेने जा रही थीं। दोनों राजातालाब की ओर से वाराणसी की तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोहनसराय पुलिस चौकी क्षेत्र के कनेरी गांव गेट के सामने चलते समय बाइक का हैंडल बगल से गुजर रहे एक वाहन से टकरा गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी गुलप्पा बेगम सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा यातायात को सामान्य कराया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिससे दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।