प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या, दो माह बाद सूटकेश में मिली थी सड़ी-गली लाश, सिलवासा से फरार आरोपी पति वाराणसी से गिरफ्तार 

दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई ने गिरफ्तार कर लिया। सिलवासा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को सोमवार को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी यहां अपनी पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था।
 

वाराणसी। दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई ने गिरफ्तार कर लिया। सिलवासा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को सोमवार को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी यहां अपनी पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान से सूटकेस के अंदर महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब दो महीने पुराना बताया गया। मकान मालिक जब कमरे को किसी दूसरे व्यक्ति को किराये पर देने के लिए पहुंचा और दरवाजा खोला तो अंदर से तेज दुर्गंध आने पर उसे संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की तो सूटकेस के भीतर महिला का शव मिला। शव को प्लास्टिक से ढककर सूटकेस में बंद किया गया था।

जांच के दौरान मृतका की पहचान बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव निवासी छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस को पता चला कि उसका विवाह ऋषभ कुमार सिंह से हुआ था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद छोटी को ऋषभ के परिवार की ओर से कथित तौर पर बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया जा रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। छोटी लगातार पति से उसे ससुराल ले जाने की मांग कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, इसी पारिवारिक विवाद के बीच नौ जून 2026 की शाम सिलवासा स्थित किराये के कमरे में ऋषभ ने पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और अंततः वाराणसी व आसपास के इलाकों में छिपकर रहने लगा।

एसटीएफ को आरोपी के वाराणसी में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य की टीम ने सिलवासा पुलिस के साथ मिलकर चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में दबिश दी। पुलिस ने बताया कि ऋषभ के खिलाफ बिहार के रोह थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया, जहां से सिलवासा पुलिस को उसका ट्रांजिट रिमांड मिल गया। अब सिलवासा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ करेगी।