पश्चिम बंगाल ने यूपी को हराकर जीती सेवा संकल्प ट्रॉफी, महेश साव बने फाइनल मैच के हीरो
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया बोले- दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण में खेलों की अहम भूमिका, काशी में होगी बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी में हुई सेवा संकल्प ट्रॉफी-2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल की टीम ने उत्तर प्रदेश को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनसुख मांडवीया ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
युवा मामले, खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि खेल दिव्यांगजनों के जीवन के सभी आयामों में सहायक है। खेलों के माध्यम से वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए समिति को बधाई दी।
प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव ने कहा कि सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए हमेशा योगदान देती रही है। पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने भविष्य में काशी में इससे भी बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित कराने की बात कही। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने काशी में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट मैच कराने के प्रयासों की जानकारी दी।
फाइनल में महेश साव की तूफानी पारी
फाइनल में उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 112 रन बनाए। ओमवीर ने 42 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाए। पश्चिम बंगाल की ओर से परनव, आरव, देवाशीष और मुदस्सर ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिम बंगाल की टीम ने 11.4 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। महेश साव ने 34 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 56 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विदर्भ ने उड़ीसा को हराया
आखिरी लीग मुकाबले में विदर्भ ने उड़ीसा को हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विदर्भ ने 15 ओवर में नौ विकेट पर 105 रन बनाए। सुमन ठाकुर ने 26 रन जोड़े। जवाब में उड़ीसा की टीम 11.4 ओवर में 51 रन पर सिमट गई। विदर्भ के आयुष तिवारी ने छह रन देकर पांच विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश के ओमवीर को बेस्ट बैट्समैन और मैन ऑफ द सीरीज, पश्चिम बंगाल के मुदस्सर को बेस्ट बॉलर तथा उत्तर प्रदेश के जेपी सिंह को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार मिला। विजेता, उपविजेता और अन्य टीमों को नकद धनराशि एवं मेडल प्रदान किए गए। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने प्रतियोगिता को सफल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। समारोह में कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।